कोटद्वार पुलिस ने घर में चोरी का किया खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और चोरी करने के उपकरण भी बरामद किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को रेंजर कॉलोनी, दुर्गापुरी निवासी प्राची रावत ने कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर बताया था कि 2 अगस्त को वह अपनी माता को स्कूटी से तड़ियाल चौक छोड़ने गई थीं। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी हो चुका था। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार और पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, सर्विलांस की मदद ली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान तीन संदिग्धों की पहचान हुई।
पुलिस ने 5 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी का सामान, वारदात में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK15E-2061 तथा चोरी में इस्तेमाल किए गए सब्बल, प्लास, पेचकस, बोल्ट लीवर और कटर बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण (23 वर्ष) निवासी अमरोहा हाल निवासी रतनपुर सुखरौ कोटद्वार, रिहान (22 वर्ष) निवासी वेलकम, दिल्ली (मूल निवासी संभल) तथा राहत अली (35 वर्ष) निवासी वेलकम, दिल्ली के रूप में हुई है।
बरामद सामान में एक सूटकेस, महिलाओं व बच्चों के कपड़े, सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी की दो चेन और तीन जोड़ी पाजेब शामिल हैं।
पुलिस ने मामले में जांच के दौरान भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, उपनिरीक्षक रणजीत तोमर (सीआईयू), उपनिरीक्षक शोयब अली, अपर उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, कांस्टेबल चंद्रपाल, सतीश शर्मा, शीतांशु सहित कोतवाली और सीआईयू की संयुक्त पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







