हरिद्वार पुलिस की महिला की हत्या के मामले में देर रात हुई मुठभेड़, एक आरोपी के पैर में लगी गोली, साथी फरार

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र में 28 जून को गंगा तट की झाड़ियों में मिले अज्ञात महिला का शव मिला था। मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर जिला मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, 28 जून को रोड़ीबेलवाला चौकी क्षेत्र स्थित आस्था पथ पर गंगा रोखड़ की झाड़ियों में करीब 25 से 30 वर्ष की अज्ञात महिला का शव मिला था। महिला के नाक और मुंह पर खून लगा था तथा कंधे, घुटनों और शरीर पर चोट के कई निशान थे। उसके कपड़े भी फटे हुए मिले थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही पहचान कराने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला घोंटने और मुंह दबाने से दम घुटने के कारण हुई थी। रिपोर्ट में गर्दन और नाक की हड्डी टूटने के साथ शरीर पर संघर्ष के कई निशान भी मिले। इसके बाद नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम दूधिया बंध तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देहरादून की ओर से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान बिजनौर के नहटौर निवासी जीशान के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपने साथी शाहनवाज के साथ मिलकर 28 जून को महिला की गला दबाकर हत्या की थी। इसके बाद शव को गंगा किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया था।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला मेला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं फरार आरोपी शाहनवाज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







