हरिद्वार में बारिश ने खोली प्रशासन के बड़े-बड़े दावों की पोल, शहर जलमग्न, एनएच की लापरवाही, हाईवे पर धंसी पुलिया, बस और कार फंसी, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। उत्तराखंड में सक्रिय मानसून ने गुरुवार को हरिद्वार में जमकर कहर बरपाया। देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए, जबकि हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एनएच की ओर से हाल ही में बनाई गई एक पुलिया धंस गई। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जलभराव के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से पहले ही प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था।
भगत सिंह चौक बना तालाब, पानी में बंद हुई बस और कार
लगातार बारिश के चलते हरिद्वार के सबसे व्यस्त भगत सिंह चौक पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। चंद्राचार्य चौक और सिटी अस्पताल के बाहर भी जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भगत सिंह चौक स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक निजी बस पानी में फंसकर बंद हो गई। वहीं चंद्राचार्य चौक के पास एक कार भी जलभराव में बंद हो गई, जिसे लोगों ने धक्का लगाकर बाहर निकाला। कई दोपहिया वाहन भी पानी में बंद हो गए। जलभराव के कारण फैक्ट्रियों, कॉलेजों और कार्यालयों के लिए निकले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भगत सिंह चौक क्षेत्र में जलभराव की समस्या करीब 30 वर्षों से बनी हुई है। बरसात से पहले नालों की सफाई के बावजूद तेज बारिश के आगे जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हुई। यहां लगाए गए पंप भी पानी निकालने में नाकाम रहे।
कनखल और ज्वालापुर में भी हालात खराब
कनखल के लाटोवाली क्षेत्र में सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। कई घरों और दुकानों के बाहर खड़े वाहन आधे पानी में डूब गए। जलभराव के कारण लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रही।
वहीं ज्वालापुर के मुख्य बाजार में भी बारिश का पानी दुकानों के अंदर तक घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती आबादी के बावजूद क्षेत्र में ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया, जिसके चलते हर बारिश में यही हालात बनते हैं।
हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर धंसी पुलिया, बड़ा हादसा टला
भारी बारिश के बीच हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैंडीखाता क्षेत्र में पेट्रोल पंप के सामने बनी पुलिया का एक हिस्सा अचानक धंस गया। बताया जा रहा है कि इस पुलिया का निर्माण हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा कराया गया था।
घटना के समय पुलिया से गुजर रही उत्तराखंड रोडवेज की एक बस धंसे हुए हिस्से में फंस गई। बस में सवार दर्जनों यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक की सूझबूझ से बस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि बस के टायर क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बस को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। फिलहाल सड़क के आधे हिस्से से वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश रुकने के बाद पुलिया की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा।
नगर निगम ने शुरू कराया जलनिकासी का कार्य
मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि मानसून से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों की सफाई कराई गई थी, लेकिन लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। निगम की टीमें जेसीबी और अन्य उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचकर पानी निकासी का कार्य कर रही हैं।
लगातार जारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भी तेज बारिश की संभावना जताई है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







