उत्तराखंड सूचना विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सूचना अधिकारियों के तबादले, रती लाल रहेंगे जिला सूचना अधिकारी हरिद्वार, आदेश जारी

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड शासन के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। महानिदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से जारी कार्यालय आदेश के तहत जिला सूचना अधिकारियों, सूचना अधिकारियों और अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार हरिद्वार के जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम को सूचना निदेशालय (मुख्यालय) देहरादून (संबद्ध मीडिया सेंटर हल्द्वानी) भेजा गया है, जबकि रुद्रप्रयाग के जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर को सूचना निदेशालय (मुख्यालय) देहरादून में तैनाती दी गई है।
इसके अलावा सूचना अधिकारी संजय सिंह और जिला सूचना अधिकारी रती लाल तथा जिला सूचना अधिकारी कृपाल लाल को उनके वर्तमान कार्यालयों में ही यथावत रखा गया है।
आदेश के तहत सूचना अधिकारी भजनी, जो वर्तमान में टिहरी जिला सूचना कार्यालय (संबद्ध मीडिया सेंटर सचिवालय, देहरादून) में कार्यरत थीं, उन्हें सूचना निदेशालय (मुख्यालय) देहरादून स्थानांतरित किया गया है।
वहीं पौड़ी के अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी प्रमोद सिंह बर्त्वाल का तबादला टिहरी कर दिया गया है। चम्पावत की अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी आशा गोस्वामी को भी उनके वर्तमान पद पर यथावत रखा गया है।
कार्यालय आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें तथा उसकी सूचना सूचना निदेशालय (मुख्यालय) देहरादून को उपलब्ध कराएं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व किसी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। स्थानांतरित अधिकारियों को नियमानुसार स्थानांतरण यात्रा भत्ता भी देय होगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







