ओवरचार्जिंग पर परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, यात्री बनकर की जांच, 25 वाहनों के चालान, 5 ई-रिक्शा-ऑटो सीज, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने वाले ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान में परिवहन विभाग की टीमों ने आम यात्रियों का रूप धारण कर विभिन्न मार्गों पर यात्रा की और किराया वसूली की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया। जांच के दौरान कई वाहन चालक निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूलते पाए गए।

अभियान के दौरान सबसे गंभीर मामला भेल फाउंड्री गेट से विकास भवन तक सामने आया, जहां लगभग आठ किलोमीटर की दूरी के लिए एक ई-रिक्शा चालक ने यात्री से 200 रुपये वसूल लिए। जबकि परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित दर 12 रुपये प्रति किलोमीटर है और इस दूरी का किराया करीब 96 रुपये बनता है। यानी चालक ने निर्धारित किराए से दोगुने से भी अधिक राशि वसूलकर यात्रियों का आर्थिक शोषण किया। मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने संबंधित ई-रिक्शा को तत्काल सीज़ कर दिया।

पूरे अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने 25 वाहनों के चालान किए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 5 ई-रिक्शा और ऑटो वाहनों को सीज़ किया गया। अभियान का संचालन परिवहन कर अधिकारी (टीटीओ) श्रीमती वरुणा सैनी के नेतृत्व में किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा ने कहा कि यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक धनराशि वसूलना गंभीर अनियमितता है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ओवरचार्जिंग रोकने के लिए सघन एवं आकस्मिक प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे।

परिवहन विभाग ने सभी ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से निर्धारित किराया सूची का अनिवार्य रूप से पालन करने, यात्रियों के साथ शिष्ट व्यवहार करने और नियमों का पालन करने की अपील की है। वहीं आमजन और श्रद्धालुओं से भी अनुरोध किया गया है कि यदि कोई चालक निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलता है या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता करता है तो इसकी सूचना तत्काल परिवहन विभाग या जिला प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

You cannot copy content of this page