पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी को व्यापार मंडल ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, उनके आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। उत्तराखंड की राजनीति में सादगी, ईमानदारी और स्वच्छ प्रशासन की मिसाल माने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री बीसी खंडूड़ी के निधन पर नगर उद्योग व्यापार मंडल कोटद्वार द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। व्यापार मंडल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगर के गणमान्य नागरिकों ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया ने कहा कि मेजर जनरल (अप्रा.) भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जनसेवा और सुशासन के प्रतीक थे। उनकी साफ-सुथरी छवि, दृढ़ प्रशासनिक क्षमता और विकास के प्रति समर्पण ने उन्हें प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में विशिष्ट पहचान दिलाई।

उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी का व्यक्तित्व राजनीतिक सीमाओं से कहीं ऊपर था। उनके निधन से प्रदेश ने एक ऐसे जननेता को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। उत्तराखंड के विकास, पारदर्शी शासन व्यवस्था और जनहित में किए गए उनके कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे।

कहा कि खंडूड़ी जी ने अपने राजनीतिक जीवन में सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और सदैव जनता के हितों को सर्वोपरि रखा। उनका सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

कार्यक्रम में सेवक राम मानुजा, विवेक अग्रवाल, लाजपत राय भाटिया, सोनू चावला, विक्की गोयल, कुंज अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, विनय गावड़ी सहित नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत नेता के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी पुण्य आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

You cannot copy content of this page