स्टेशन रोड की दुकानें हटाने के विरोध में कल बंद रहेंगे मॉल और कोटद्वार बाजार, Blinkit सेवाएं भी रहेंगी बाधित

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार रेलवे स्टेशन रोड पर बनी दुकानों और खोखों को हटाने के विरोध में चल रहा व्यापारियों का आंदोलन अब व्यापक रूप लेता जा रहा है। व्यापारियों ने अपने आंदोलन को समर्थन देने के लिए कल कोटद्वार बाजार बंद रखने का ऐलान किया है। बाजार के साथ ही शहर के मॉल भी बंद रखने की बात कही गई है। वहीं, ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म Blinkit की सेवाएं भी बंद रहने की संभावना है।

नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीन भाटिया ने बताया कि स्टेशन रोड की दुकानों को हटाने के विरोध में पिछले कई दिनों से व्यापारी धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रभावित व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। दुकानों के हटने से लंबे समय से कारोबार कर रहे व्यापारियों और उनके परिवारों पर सीधा असर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि आंदोलन में अब स्टेशन रोड के व्यापारियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी पहुंच रहे हैं। इसके अलावा शहर के विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का भी आंदोलन को समर्थन मिल रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि लगातार विरोध और प्रदर्शन के बावजूद सरकार और संबंधित विभाग की ओर से उनकी समस्या का ठोस समाधान नहीं किया जा रहा है।

प्रवीन भाटिया ने कहा कि व्यापारियों ने अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन शुरू किया था, लेकिन लंबे समय बाद भी कोई सकारात्मक पहल नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के चलते कल बंद का निर्णय लिया गया है।

व्यापार मंडल के अनुसार बंद के दौरान कोटद्वार का प्रमुख बाजार और मॉल बंद रहेंगे। इसके अलावा Blinkit की ऑनलाइन डिलीवरी सेवाएं भी बाधित रखने का निर्णय लिया गया है। व्यापारियों ने शहर के अन्य कारोबारियों और आम लोगों से भी बंद को समर्थन देने की अपील की है।

स्टेशन रोड की दुकानों को हटाने का मामला अब व्यापारियों और प्रशासन के बीच टकराव का मुद्दा बनता जा रहा है। ऐसे में कल होने वाले बाजार बंद पर शहर की नजरें टिकी हैं। व्यापारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस समाधान नहीं निकलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page