कांवड़ की भीड़ में महिला के गले से सोने की चेन झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप में कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने के मुकदमे भी दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार 21 अगस्त 2026 को कुश शर्मा पुत्र कमल शर्मा निवासी फेस-3, जगजीतपुर, थाना कनखल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 15 अगस्त को बैरागी कैंप कनखल में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उसकी पत्नी के गले से चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कनखल में मुकदमा अपराध संख्या 246/26 धारा 304 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर कनखल पुलिस की टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार की गई कार्रवाई के बाद 23 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जियापोता के पास से दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूदेव पुत्र राजेश कुमार निवासी गली नंबर-29, नेहरू रोड, कोतवाली बड़ौत, उत्तर प्रदेश और करण पुत्र सतपाल निवासी गली नंबर-8, मोहनपुरी, गोंडा चौक, थाना भजनपुरा, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के पूर्व में भी जेल जाने की जानकारी सामने आई है। उनके आपराधिक इतिहास से संबंधित अन्य रिकॉर्ड भी जुटाए जा रहे हैं।

आरोपी भूदेव का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार आरोपी भूदेव के खिलाफ पूर्व में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 में थाना ट्रांसपोर्ट नगर मेरठ में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास से संबंधित मुकदमा, वर्ष 2021 में थाना बड़ौत में आर्म्स एक्ट का मुकदमा तथा वर्ष 2021 में ही थाना बड़ौत में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने बरामदगी और विवेचना में सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

यह रही पुलिस टीम

घटना के खुलासे में कनखल थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी, कांस्टेबल उमेद सिंह, सतेन्द्र रावत, भूपेन्द्र सिंह, विशन चौहान और जितेन्द्र राणा शामिल रहे।

सर्विलांस टीम में इंस्पेक्टर नरेन्द्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम ने भी अहम भूमिका निभाई।

You cannot copy content of this page