उत्तराखंड पुलिस में बड़े पैमाने पर तबादले, पदोन्नति के बाद सीओ राजेश शाह समेत तीन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी, 10 नए डीएसपी की भी तैनाती

ख़बर शेयर करें -

पुलिस मुख्यालय से 21 सितंबर को जारी हुआ आदेश, प्रशिक्षण पूरा करने वाले अधिकारियों को हरिद्वार समेत विभिन्न जनपदों में मिली तैनाती

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) के तबादले और नई तैनातियां जारी की गई हैं। पुलिस मुख्यालय, देहरादून से 21 सितंबर 2026 को जारी आदेश संख्या डीजी-एक-104-2026(2) के तहत पदोन्नति प्राप्त करने वाले तीन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, प्रशिक्षण पूरा कर चुके 10 पुलिस उपाधीक्षकों को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तैनात किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, यह स्थानांतरण जनहित और रिक्त पदों के सापेक्ष किए गए हैं। पदोन्नति के बाद नई जिम्मेदारी पाने वाले अधिकारियों में राजेश शाह, प्रदीप पन्त और नदीम अतहर शामिल हैं।

राजेश शाह को देहरादून से स्थानांतरित कर बागेश्वर भेजा गया है। प्रदीप पन्त को देहरादून से 40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार में तैनाती दी गई है। वहीं, नदीम अतहर को टिहरी गढ़वाल से स्थानांतरित कर आईआरबी-द्वितीय, देहरादून भेजा गया है।

इसके साथ ही प्रशिक्षण पूरा करने वाले 10 पुलिस उपाधीक्षकों को भी नई तैनाती दी गई है। दक्ष शोखंद को हरिद्वार, दिव्येश उपाध्याय को पौड़ी गढ़वाल, अंकित थपलियाल को ऊधमसिंह नगर और लव शर्मा को नैनीताल में तैनात किया गया है।

इसी क्रम में तनुजा बिष्ट को टिहरी गढ़वाल, आदित्य तिवारी को देहरादून, समीरण भट्ट को नैनीताल, दीप्ती कैड़ा को पिथौरागढ़, अवनी तिवारी को रुद्रप्रयाग और विनय सिंह को नैनीताल में नवीन तैनाती दी गई है।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नवीन तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पदोन्नति और प्रशिक्षण के बाद अधिकारियों को विभिन्न जनपदों तथा पुलिस वाहिनियों में जिम्मेदारी सौंपे जाने से विभागीय व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

You cannot copy content of this page