जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने वाला आरोपी सिडकुल पुलिस ने किया गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

पत्नी से जेल में मुलाकात के दौरान पूछताछ से नाराज था आरोपी, धमकी देने के बाद जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से तमंचा लेकर लुधियाना से पहुंचा था हरिद्वार

खबर डोज, हरिद्वार। रोशनाबाद जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के मामले में सिडकुल थाना पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जेल में बंद अपनी पत्नी से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा पूछताछ किए जाने से नाराज था। इसी नाराजगी में उसने जेल अधीक्षक को धमकी भरे मैसेज भेजे थे।

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने अपने मोबाइल फोन पर धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दिए जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 381/2026 के तहत धारा 351(3) और 352 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 21 सितंबर को थाना सिडकुल क्षेत्र के सूर्य नगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने हिमांशु चोढा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। अवैध हथियार बरामद होने के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।

पत्नी से मुलाकात में पूछताछ से था नाराज

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। जेल में पत्नी से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा उससे अधिक पूछताछ किए जाने पर वह नाराज हो गया था। आरोपी के मुताबिक, उसकी पत्नी ने उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने की बात कही और उनका मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया था।

इसके बाद आरोपी ने लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से नया मोबाइल नंबर लिया और उसी नंबर से जेल अधीक्षक के मोबाइल पर धमकी भरे मैसेज भेजे। आरोपी को बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली।

तमंचा लेकर जेल की ओर जा रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से वह अपने पास पहले से रखे 315 बोर के तमंचे और कारतूस के साथ लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा था। वह जेल की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे सूर्य नगर के पास चेकिंग के दौरान पकड़ लिया।

पुलिस अब इस मामले में आरोपी की पत्नी शीला की भूमिका की भी जांच कर रही है। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर उसके विरुद्ध धारा 351(3), 352 और 61(2) बीएनएस के तहत आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ देहरादून जनपद के रायवाला थाने में भी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

आरोपी का नाम और बरामदगी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा, निवासी बी-01/1081, सत्संग रोड, सिविल लाइन, भारत नगर चौक, लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता गली नंबर छह, आईडीपीएल, जनपद देहरादून बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास में वर्ष 2015 का एक मुकदमा दर्ज है, जिसमें आईपीसी की धारा 323, 504, 506, 342, 370 और 498ए के साथ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 शामिल हैं।

संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, उप निरीक्षक देवेंद्र चौहान, कांस्टेबल नरेंद्र चौहान और हरि सिंह शामिल रहे। सीआईयू हरिद्वार की टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल मनोज रावत तथा कांस्टेबल हरवीर रावत, नरेंद्र और उमेश शामिल रहे।

You cannot copy content of this page