रुड़की में यातायात नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, नाबालिग का ₹27 हजार का चालान, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

174 वाहनों के चालान, नाबालिग समेत छह दोपहिया वाहन सीज; यातायात पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

खबर डोज, रुड़की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर यातायात पुलिस रुड़की ने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 174 चालान किए गए, जबकि छह दोपहिया वाहनों को सीज किया गया।

यातायात पुलिस ने डम डम चौक, रोडवेज बस अड्डा, मंगलौर बस अड्डा और रामनगर चौक सहित विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नाबालिग द्वारा वाहन चलाने, रेट्रो साइलेंसर लगाने, नशे की हालत में वाहन चलाने और बिना नंबर प्लेट वाहन संचालित करने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए।

पुलिस के मुताबिक नाबालिग द्वारा वाहन चलाने के मामले में संबंधित वाहन का ₹27 हजार का चालान किया गया। इसके अलावा रेट्रो साइलेंसर के तीन, नशे में वाहन चलाने का एक तथा बिना नंबर प्लेट के एक मामले समेत कुल छह वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस का कहना है कि चेकिंग अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों और अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। खासकर नाबालिग बच्चों को वाहन देने के मामले में पुलिस ने अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कोई भी अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें। साथ ही सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों का इस्तेमाल करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और लोगों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है।

You cannot copy content of this page