कांवड़ मेले को लेकर नगर निगम हरिद्वार के ‘आज का कूड़ा, आज ही साफ’ अभियान की भी खुली पोल, जगह-जगह नजर आए कूड़े के ढेर, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार में लाखों शिवभक्तों की लगातार बढ़ती भीड़ के बीच नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। नगर निगम की ओर से ‘आज का कूड़ा, आज ही साफ’ अभियान चलाकर मेला क्षेत्र और प्रमुख मार्गों को स्वच्छ रखने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी तस्वीर इन दावों से अलग नजर आ रही है।


शहर के कई स्थानों पर कूड़ा जमा होने और सफाई व्यवस्था चरमराने की तस्वीरें सामने आने के बाद अभियान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। खासतौर पर कांवड़ मार्गों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में समय पर कूड़ा न उठने से जगह-जगह गंदगी दिखाई दे रही है। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही हरिद्वार पहुंच रहे शिवभक्तों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
नगर निगम की ओर से कांवड़ मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं और सफाई कर्मचारियों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। हाल ही में नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए थे।
इसके बावजूद यदि प्रमुख स्थानों पर कूड़ा जमा दिखाई दे रहा है तो इससे ‘आज का कूड़ा, आज ही साफ’ अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। कांवड़ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण रोजाना भारी मात्रा में कचरा उत्पन्न हो रहा है, ऐसे में केवल अभियान की घोषणा नहीं बल्कि उसके प्रभावी क्रियान्वयन और लगातार मॉनिटरिंग की जरूरत है।
हरिद्वार की पहचान धर्मनगरी के साथ-साथ गंगा नगरी के रूप में भी है। ऐसे में कांवड़ मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न केवल शहर की छवि को प्रभावित करती है, बल्कि गंगा घाटों और पर्यावरण के लिए भी चिंता का विषय बन सकती है।
अब देखना होगा कि नगर निगम इन तस्वीरों और शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेता है और ‘आज का कूड़ा, आज ही साफ’ अभियान को धरातल पर कितना प्रभावी बनाता है।

You cannot copy content of this page