कांवड़ियों की सुरक्षा में सड़कों से कंट्रोल रूम तक एसएसपी श्वेता चौबे की पैनी नजर

–कंट्रोल रूम पहुंचकर CCTV और ड्रोन मॉनिटरिंग का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश
खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर टिहरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे स्वयं मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में रविवार को एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर कांवड़ मेला क्षेत्र में की जा रही CCTV और ड्रोन मॉनिटरिंग का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कंट्रोल रूम में एसएसपी ने CCTV कैमरों के माध्यम से कांवड़ मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों, पार्किंग स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था को परखा। उन्होंने ड्रोन के जरिए की जा रही निगरानी की भी जानकारी ली। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा टिहरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जाम वाले स्थानों पर पुलिस बल की त्वरित तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मियों को CCTV और ड्रोन के माध्यम से प्रभावी निगरानी बनाए रखने, भीड़भाड़ एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा यातायात बाधित होने की सूचना पर तत्काल रिस्पॉन्स देने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में क्विक रिस्पॉन्स टीम को तत्काल सक्रिय करने और संबंधित अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर तैनात पुलिस बल से लेकर कंट्रोल रूम में मौजूद आधुनिक तकनीकी संसाधनों तक टिहरी पुलिस हर स्तर पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है। पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही यात्रा मार्गों पर यातायात को सुगम बनाए रखना है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







