कार्य में लापरवाही पर नगर निगम कर्मचारी को नोटिस, सभी वाहन चालकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
खबर डोज, हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार ने स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बरतने के मामले को गंभीरता से लेते हुए एक कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई घाट क्षेत्र में अपशिष्ट संग्रहण के दौरान नगर निगम के ट्रैक्टर-ट्रॉली को निर्धारित मानकों के अनुसार ढककर नहीं ले जाने के मामले में की गई।
नगर निगम के अनुसार, निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित कर्मचारी अपशिष्ट परिवहन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली को पूरी तरह कवर नहीं कर रहा था, जिससे मार्ग में कूड़ा फैलने की आशंका बनी हुई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए निगम प्रशासन ने संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न करने के निर्देश दिए।
हालांकि, जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घटना के समय संबंधित कर्मचारी का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गया था, जिसके कारण वह अपने दायित्वों का निर्वहन अपेक्षित सतर्कता के साथ नहीं कर सका। इसके बावजूद नगर निगम ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था और अपशिष्ट परिवहन से जुड़े मानकों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियमानुसार कार्रवाई की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसी क्रम में नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक एवं कार्यशाला प्रभारी अर्जुन सिंह की अध्यक्षता में नगर निगम के सभी वाहन चालकों तथा अनुबंधित एजेंसियों के वाहन चालकों की एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में सभी चालकों को स्वच्छता व्यवस्था के प्रति संवेदनशील बनाते हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में निर्देश दिए गए कि अपशिष्ट संग्रहण एवं परिवहन करने वाले सभी वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी तरह ढके हुए (कवर्ड) ही संचालित किए जाएं, ताकि रास्ते में कूड़ा बिखरने की संभावना समाप्त हो और स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरणीय मानकों का भी पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा सके।
नगर निगम हरिद्वार ने दोहराया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, सभी कर्मचारियों एवं वाहन चालकों को समय-समय पर प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन देकर स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







