कांवड़ यात्रा से पहले एक्शन मोड में टिहरी पुलिस, एसएसपी श्वेता चौबे ने मुनिकी रेती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए टिहरी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को ने थाना मुनि की रेती क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने ऋषिकेश बॉर्डर, कैलाश गेट, शिवानंद गेट, मुख्य कांवड़ यात्रा मार्ग, नीलकंठ मार्ग, प्रमुख पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग प्वाइंट, ट्रैफिक डायवर्जन स्थलों, घाटों, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के साथ-साथ पुलिस सहायता केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक प्वाइंट पर उपलब्ध संसाधनों, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र का भी बारीकी से जायजा लिया।

एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और अधिकारी लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें।

निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, कंट्रोल प्वाइंट, पुलिस सहायता केंद्र, पार्किंग प्रबंधन और बैरिकेडिंग की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह क्रियाशील हों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति में अनावश्यक जाम नहीं लगना चाहिए। पूर्व निर्धारित ट्रैफिक प्लान का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू की जाए। पार्किंग स्थलों के सुव्यवस्थित संचालन और श्रद्धालुओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

एसएसपी ने स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता, आपदा प्रबंधन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन इकाइयों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया।

इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महापर्व है और टिहरी पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

You cannot copy content of this page