पैठाणी पुलिस ने 20 पेटी अवैध शराब समेत दो तस्कर किए गिरफ्तार, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, पौड़ी। जनपद में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत थाना पैठाणी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी के खिलाफ व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पैठाणी के थानाध्यक्ष सुनील सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग कर रही थी।

चेकिंग के दौरान थाना क्षेत्र के बनास तिराहा, राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन संख्या UK04TA-5834 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में SOULMATE BLACK SPECIAL Whisky की 60 बोतलें और 360 अद्दे शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों सूरज सिंह नेगी (21 वर्ष) निवासी ग्राम कुठ, पोस्ट गडोली, तहसील चाकीसैंण तथा अर्जुन सिंह (31 वर्ष) निवासी ग्राम कुण्डिल, पोस्ट कठूड, तहसील चाकीसैंण को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना पैठाणी में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। मामले में आरोपियों से पूछताछ कर शराब की आपूर्ति और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में आरक्षी मुकेश रावत, आरक्षी मोहम्मद अरशद तथा होमगार्ड हर्षपाल सिंह शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page