देर रात पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दूसरा फरार, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और हाल ही में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन बरामद किया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कांबिंग जारी है।

पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 की देर रात्रि थाना बुग्गावाला प्रभारी अपनी टीम के साथ यूपी बॉर्डर क्षेत्र में जोनल चेकिंग और गश्त पर थे। इसी दौरान सरकारी वाहन बंजारावाला की ओर बढ़ रहा था कि सामने से दो युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया।

बताया कि पुलिस को देखकर दोनों युवकों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण के लिए ललकारते हुए जवाबी कार्रवाई की।

जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

पकड़े गए घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला, जिला हरिद्वार बताया। उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा 9 जून 2026 को अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा क्षेत्र में व्यापक कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और बरामद मोबाइल फोन के आधार पर अमानतगढ़ फायरिंग कांड में उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

You cannot copy content of this page