देर रात हंगामे पर पुलिस का वार, बार संचालकों में हड़कंप, दून के बाद रुड़की के विवादित ‘रोमियो लेन’ बार पर पुलिस ने कसा शिकंजा

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, रुड़की। देहरादून में बार विवाद के बाद सख्ती के बीच अब रुड़की स्थित विवादित ‘रोमियो लेन’ बार पर पुलिस ने एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर देर रात पुलिस टीम ने छापेमारी कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की।

पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि बार में तय समय के बाद भी शराब परोसी जा रही है और देर रात तक हंगामा होता है। इसी के चलते पुलिस ने अचानक छापा मारकर मौके की जांच की। जांच के दौरान कई खामियां सामने आईं, जिसके बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एम्पलीफायर, लैपटॉप, टैब समेत अन्य उपकरण जब्त कर लिए।


पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि नियमों का पालन नहीं किया गया तो बार का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही पुलिस अधिनियम के तहत संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि ‘रोमियो लेन’ बार का विवादों से पुराना नाता रहा है। पूर्व में भी इस बार के खिलाफ कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां देर रात तक शराब परोसी जाती है और कई बार असामाजिक गतिविधियों की भी आशंका जताई गई है।
देहरादून में हाल ही में बार के बाहर हुए विवाद और रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या के बाद पुलिस प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर है। उसी के मद्देनजर हरिद्वार पुलिस भी अब किसी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं दिख रही है।
इस कार्रवाई के दौरान सिर्फ ‘रोमियो लेन’ ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य बारों पर भी पुलिस ने छापेमारी की और नियमों के पालन की जांच की।
पुलिस का कहना है कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं आम जनता से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

You cannot copy content of this page