कुर्बानी का वीडियो सोशल मीडिया पर डालना युवक को पड़ा भारी, माहौल बिगड़ने की आशंका पर हरिद्वार पुलिस का त्वरित एक्शन, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। सोशल मीडिया पर कुर्बानी का वीडियो पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की लगातार आ रही प्रतिक्रियाओं से क्षेत्र का माहौल खराब होने की आशंका बन गई, जिसके बाद हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर युवक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।
मामला भगवानपुर क्षेत्र का है, जहां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति द्वारा जानवर की कुर्बानी का वीडियो पोस्ट किया गया था। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीओ भगवानपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर ही युवक की पहचान कर उसे गांव सिकंदरपुर से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम शोएब पुत्र बामन निवासी सिकंदरपुर बताया। युवक पुताई का कार्य करता है। उसने पुलिस को बताया कि 28 मई 2026 को ईद के मौके पर उसके घर में पालतू भैंसे की कुर्बानी हुई थी। उसी दौरान का वीडियो उसके 10 वर्षीय छोटे भाई ने उसकी सोशल मीडिया आईडी से अपलोड कर दिया था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो घर से भैंसे के खुर भी बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल वीडियो को सोशल मीडिया से हटवाया और युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी ऐसी पोस्ट या वीडियो पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने या माहौल खराब होने की संभावना हो।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







