कांवड़ मेले से पहले सड़कें हों गड्ढा मुक्त, सड़क सुरक्षा नियमों पर सख्ती बढ़ेगी: डीएम मयूर दीक्षित

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उनके अधीन आने वाली सभी सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढा मुक्त किया जाए। साथ ही सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।


जिला कार्यालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस और परिवहन विभाग को दिए।
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की-हरिद्वार-नजीबाबाद समेत लोनिवि के अधीन आने वाली सड़कों का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि जहां भी गड्ढे हैं या पेचवर्क की आवश्यकता है, वहां कांवड़ मेले से पूर्व सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। इसके अलावा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में साइन बोर्ड लगाने और ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण कर उन्हें कम करने की दिशा में तत्काल कार्यवाही करने को कहा।
उन्होंने परिवहन विभाग और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर यातायात का अधिक दबाव रहता है अथवा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, वहां लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाए। साथ ही सड़क किनारे किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को तत्काल हटाने और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुड़की कृष्ण चंद्र पलारिया ने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग लगातार संयुक्त चेकिंग अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा जनवरी से अप्रैल 2026 तक बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 3667 चालान किए गए। इसके अलावा ओवरलोडिंग के 301, ओवरस्पीड के 2012, वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग करने पर 99, सीट बेल्ट न लगाने पर 352 तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने पर 87 चालान किए गए।
वहीं पुलिस विभाग द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 8429, नशे में वाहन चलाने पर 367, ओवरस्पीड के 4666, ओवरलोडिंग के 304, सीट बेल्ट न लगाने पर 270, वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग करने पर 612, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने पर 164 तथा रेड लाइट जंप करने वाले 189 वाहन चालकों के चालान किए गए।
बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी.के. सिंह, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल विपुल सैनी, एआरटीओ नेहा झा, एआरटीओ निखिल शर्मा, एआरटीओ प्रशासन रुड़की जितेंद्र चंद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page