हरिद्वार के रोशनाबाद में सत्यापन करने पहुंची विशेष शाखा की पुलिस टीम से अभद्रता और मारपीट, सरकारी दस्तावेज फाड़ने का आरोप

ख़बर शेयर करें -

रोशनाबाद में अर्द्धकुंभ की सुरक्षा के मद्देनजर सत्यापन के दौरान हुआ विवाद, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खबर डोज, हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर रोशनाबाद क्षेत्र में सत्यापन करने पहुंची विशेष शाखा की पुलिस टीम के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सत्यापन कराने को कहने पर एक महिला ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और बाद में अपने साथियों को मौके पर बुलाकर एक आरक्षी के साथ मारपीट कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विशेष शाखा अभिसूचना विभाग की रोशनाबाद इकाई में तैनात आरक्षी मनोज सैनी ने सिडकुल पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 अगस्त को वह आरक्षी मोहम्मद जीशान के साथ अर्द्धकुंभ मेले की सुरक्षा एवं संवेदनशीलता को देखते हुए सत्यापन ड्यूटी पर तैनात थे। दोपहर करीब 12:15 बजे दोनों पुलिसकर्मी कोर्ट चौक रोशनाबाद के पास ठेली-रेहड़ी लगाने वाले लोगों का सत्यापन कर रहे थे।

इसी दौरान पुलिस टीम ने अंजली पत्नी शिवम मिश्रा, निवासी लखीमपुर खीरी, हाल निवासी रोशनाबाद से सत्यापन कराने के लिए कहा। आरोप है कि सत्यापन की बात पर अंजली नाराज हो गई और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगी। पुलिसकर्मियों ने जब उसे समझाने का प्रयास किया तो कथित तौर पर उसने आरक्षी मनोज सैनी के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

तहरीर के मुताबिक, धक्का-मुक्की के दौरान पीछे हटते समय आरक्षी मनोज सैनी का पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद महिला ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में सूरज कुमार निवासी बिहार, समीर निवासी बिजनौर और एक अज्ञात व्यक्ति मौके पर पहुंच गए।

आरक्षी का आरोप है कि इसके बाद चारों लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान थप्पड़, मुक्कों और लात-घूंसों से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिसकर्मी ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके पास मौजूद सरकारी गोपनीय दस्तावेज छीनकर छिन्न-भिन्न कर दिए गए।

तहरीर में सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों को धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा आरक्षी ने आरोप लगाया कि महिला ने अपने कपड़े फाड़कर पुलिसकर्मियों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिडकुल थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

सिडकुल थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page