15 अक्टूबर तक हरिद्वार की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, डीएम मयूर दीक्षित ने खुद संभाली कमान, विभिन्न क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण, देखिये वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत हरिद्वार जनपद की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के अभियान को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने चंडी चौक, आयरिश पुल, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप समेत कई स्थानों पर पहुंचकर सड़कों की स्थिति, डामरीकरण और पेंचवर्क कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी चिन्हित सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा किया जाए। जहां काम धीमी गति से चल रहा है, वहां श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत के कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने चंडी पुल के मरम्मत कार्य की जानकारी लेते हुए इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को लंबे समय तक आवागमन की परेशानी न हो। इसके बाद आयरिश पुल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण किया गया।
दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। डीएम ने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे कुंभ मेला संबंधी कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में पेंटिंग और वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश भी दिए। वहीं खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क और डामरीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क मरम्मत के साथ-साथ प्रकाश व्यवस्था और सड़क के आसपास की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जाना जरूरी है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग विशाल गोयल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, डिप्टी मैनेजर एनएच प्रज्वल चौहान, कॉन्ट्रैक्टर अमित जैन, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









