रक्षाबंधन से पहले सगे भाई ने दो बहनों को मारी गोली, एक बहनोई घायल, गंगनहर पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई डबल मर्डर की गुत्थी, एसएसपी ने किया खुलासा

ख़बर शेयर करें -

संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक बना हत्याकांड की वजह, तमंचा, छह खोखे और बाइक बरामद

खबर डोज, रुड़की। रक्षाबंधन से पहले दो बहनों की आगे भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में हुए डबल मर्डर का हरिद्वार पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी ही दो बहनों पर गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी। घटना के दौरान एक बहनोई को भी गोली लगी, जो गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार चल रहा है।

कोतवाली परिसर में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए पुलिस कप्तान नवनीत भुल्लर ने इस मामले का खुलासा किया। मामला 25-26 अगस्त 2026 की रात का है। गणेशपुर रुड़की निवासी अर्जुन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके मामा विवेक उर्फ विक्की ने फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी। इस दौरान उसके मौसा को भी गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली गंगनहर में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। कप्तान के निर्देश पर गंगनहर पुलिस और सीआईयू रुड़की की टीम ने तत्काल साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ विक्की को चुड़ामणि मंदिर चौक के पास चुड़ियाला, भगवानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल, निवासी चुड़ियाला, थाना भगवानपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, छह खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

कार्रवाई में सीओ रुड़की ओशीन जोशी, प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव, एसएसआई दीप कुमार, उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल, नवीन कुमार, ब्रह्मदत्त बिजलवाण, पंकज कुमार, हरीश गैरोला, मनीष कवि, कान्ता प्रसाद, कांस्टेबल प्रीतम सिंह, रणवीर सिंह, अजय बिष्ट, फरीद शामिल रहे।

हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई से डबल मर्डर की गुत्थी कुछ ही घंटों में सुलझ गई। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

You cannot copy content of this page