कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं से शिवभक्त संतुष्ट, धामी सरकार के नियोजन की राज्य मंत्री सुनील सैनी ने की सराहना

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ मेले में उमड़ रहे आस्था के सैलाब के बीच प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर राज्य मंत्री सुनील सैनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि धर्मरक्षक मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व और बेहतर नियोजन के चलते कांवड़ मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ रहा है।

राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि पवित्र श्रावण मास से शुरू हुए कांवड़ मेले में देश के विभिन्न राज्यों से करोड़ों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा का पवित्र जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद सरकार और प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक इंतजामों के कारण शिवभक्तों की यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी हुई है।

उन्होंने हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के प्रशासनिक एवं सुरक्षा प्रबंधन की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत से कांवड़ मेला दिव्य और भव्य स्वरूप में आयोजित हो रहा है।

सुनील सैनी ने कहा कि हरिद्वार में इस समय चारों ओर आस्था का सैलाब नजर आ रहा है। गंगा किनारे से लेकर शिव के द्वार तक हर कदम पर भक्ति और हर सांस में महादेव का जयकारा सुनाई दे रहा है। उन्होंने कहा, “कांवड़ यात्रा पैरों की नहीं, आस्था की यात्रा है। कांवड़ सिर्फ जल नहीं लाती, बल्कि पीढ़ियों के संस्कार लेकर चलती है।”

उन्होंने कहा कि जब लाखों कंठों से ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ की गूंज सुनाई देती है और भगवा रंग से सड़कें सराबोर हो जाती हैं, तो सनातन की शक्ति और आस्था की गहराई का अनुभव होता है।

राज्य मंत्री ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करने से उन्हें ऊर्जा और आत्मिक संतोष मिलता है। कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छ पेयजल, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि मेले की व्यवस्थाओं से शिवभक्त संतुष्ट हैं और प्रशासन को हृदय से आशीर्वाद दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार पहुंचने वाले प्रत्येक शिवभक्त की सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार और प्रशासन पूरी निष्ठा के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हैं।

अंत में सुनील सैनी ने समस्त प्रदेशवासियों और कांवड़ यात्रियों के लिए महादेव से सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि भगवान शिव का आशीर्वाद सभी पर सदैव बना रहे।

You cannot copy content of this page