खाकी ने फिर पेश की इंसानियत की मिसाल, गर्भवती महिला के लिए कोटद्वार पुलिस के दो जवानों ने किया रक्तदान

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। पुलिस की वर्दी सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देने में भी पुलिसकर्मी पीछे नहीं रहते। कोटद्वार में पुलिस के दो जवानों ने रक्तदान कर एक गर्भवती महिला के उपचार में महत्वपूर्ण मदद की।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि शनिवार 08 अगस्त 2026 को बेस चिकित्सालय, कोटद्वार में उपचाराधीन एक गर्भवती महिला को तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। इसकी सूचना पुलिसकर्मियों तक पहुंची तो एएनटीएफ कोटद्वार में तैनात कांस्टेबल राहुल कुमार और सीआईयू कोटद्वार में नियुक्त कांस्टेबल सीतांशु ने बिना देर किए मदद के लिए कदम बढ़ाया।

दोनों पुलिसकर्मी तत्काल अस्पताल पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान किया। उनके समय पर किए गए रक्तदान से अस्पताल में आवश्यक रक्त उपलब्ध हो सका और गर्भवती महिला के उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिली।

पुलिस जवानों की इस पहल की परिजनों और अस्पताल में मौजूद लोगों ने सराहना की। दोनों जवानों ने यह साबित किया कि पुलिस का कर्तव्य केवल अपराध रोकना और कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता करना भी है। पुलिसकर्मियों के इस मानवीय प्रयास ने खाकी के संवेदनशील और मददगार चेहरे को सामने लाया है।

You cannot copy content of this page