श्यामपुर पुलिस ने 400 ग्राम चरस समेत गिरफ्तार किया तस्कर, बाइक और मोबाइल बरामद

–पुलिस को देखकर भागने का किया प्रयास, मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने पर दबोचा
खबर डोज, हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 400 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चरस के अलावा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को थाना श्यामपुर पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान गैण्डीखाता बाजार से टाटवाला जाने वाले नहर पटरी मार्ग पर रवासन नदी पुल पार करने के बाद पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी।
इसी बीच टाटवाला की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखते ही मोटरसाइकिल सवार अचानक वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। जल्दबाजी में उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान राकेश पुत्र कालू सिंह, निवासी दूधियावाला/टाटवाला, थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 400 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज भी नियमानुसार कब्जे में ले लिए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चरस को गांव से थोड़ा-थोड़ा करके एकत्र किया था और इसे गैण्डीखाता मार्केट में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गगन मैठाणी, चौकी प्रभारी लालढांग, हेड कांस्टेबल शेर सिंह, कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद और कांस्टेबल मनमोहन सैनी शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस की ओर से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








