मां की हत्या कर बेटा हुआ फरार, एसएसपी श्वेता चौबे की पुलिस टीम ने किया गिरफ्तार

खबर डोज, नई टिहरी। टिहरी गढ़वाल के थाना नई टिहरी क्षेत्र में मां की हत्या कर फरार हुए आरोपी पुत्र को पुलिस ने करीब चार विशेष टीमों की लगातार मेहनत के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हत्या के बाद से जाखणीधार क्षेत्र के घने जंगलों में ठिकाने बदल-बदलकर छिप रहा था। पुलिस ने कठिन पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों के बीच सघन कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसे दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम कोटी खास, जाखणीधार निवासी बुग्गा देवी पत्नी स्वर्गीय गुलाब सिंह की उनके पुत्र अजय सजवाण ने हत्या कर दी थी। घटना के संबंध में मृतका के भतीजे कृष्णा सजवाण की तहरीर पर थाना नई टिहरी में मुकदमा अपराध संख्या 30/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उनके निर्देशन में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस की विवेचना और लगातार निगरानी में सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जाखणीधार क्षेत्र के घने जंगलों में छिपा हुआ है। वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। इसके बाद पुलिस टीमों ने जंगल में अलग-अलग स्थानों पर कॉम्बिंग अभियान तेज कर दिया।
लगातार कई स्थानों पर खोजबीन और निगरानी के बाद पुलिस टीमों को सफलता मिली। दिनांक 26 अगस्त 2026 को शाम करीब पांच बजे आरोपी अजय सजवाण को जाखणीधार के निकट जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश के दौरान टीमों को घने जंगल और कठिन पहाड़ी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने लगातार अभियान जारी रखा और संभावित ठिकानों की बारीकी से तलाशी ली। पुलिस की इसी कार्रवाई के चलते आरोपी को जंगल से गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक ऐश्वर्या पाल, एसएसआई पवन डिमरी, उप निरीक्षक शांति प्रसाद चमोली, हेड कांस्टेबल सुनील, हेड कांस्टेबल मुकेश, हेड कांस्टेबल अरविन्द सेमवाल, कांस्टेबल अभिनव गुसाईं, कांस्टेबल कुलदीप तथा होमगार्ड शेर सिंह शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें





पौड़ी जिले में गुलदार का रेस्क्यू बना चुनौती, हमले में दो वनकर्मी घायल 
