हरिद्वार मेला अस्पताल की इमरजेंसी में पथराव, टूटे शीशे, मरीजों और तीमारदारों में मची अफरातफरी, इमरजेंसी में घुसकर मारपीट का प्रयास, सीसीटीवी में कैद हुई घटना, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार के मेला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब मारपीट के मामले में मेडिकल कराने पहुंचे दो पक्षों के लोग एक बार फिर आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने इमरजेंसी में घुसकर मारपीट का प्रयास किया और पथराव कर दिया। पथराव में अस्पताल के शीशे टूट गए। अचानक हुए हंगामे से अस्पताल में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इमरजेंसी का गेट बंद कर अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित किया। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित होता रहा।
पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, मेला अस्पताल के सामने स्थित बस्ती में रहने वाले मनीष और अन्नू पक्ष के बीच रविवार रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए मेला अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि मनीष पक्ष के लोग अस्पताल की इमरजेंसी में मेडिकल करा रहे थे। इसी दौरान अन्नू पक्ष से जुड़े कुछ लोग भी वहां पहुंच गए। अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा और मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने इमरजेंसी में पथराव कर दिया, जिससे अस्पताल के शीशे टूट गए। अचानक हुए पथराव और हंगामे से इमरजेंसी में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरातफरी मच गई। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुए इस घटनाक्रम से वहां उपचार करा रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा हो गई। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल इमरजेंसी का गेट बंद कर अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित किया, जबकि बाहर मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों को रोक दिया। पुलिस के पहुंचने तक आरोपी मौके से निकल गए। घटना के बाद पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले में आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







