कप्तान के सख्त निर्देश पर एक्शन, सीआईयू कोटद्वार टीम ने स्मैक तस्करी का किया भंडाफोड़

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। जनपद पौड़ी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिलेभर में नशे के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी एवं सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने कौड़िया मजार के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से पन्नी सहित 22.22 ग्राम और पन्नी रहित 20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी को रात करीब 12:05 बजे गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद यादव पुत्र ब्रह्म सिंह यादव निवासी निकट रेलवे फाटक जफतागंज, नजीबाबाद जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते नशा तस्करी करने की बात कबूल की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश चमोली, हेड कांस्टेबल सुनील मालिक, कांस्टेबल गम्भीर सिंह (CIU) और कांस्टेबल दीपक शर्मा (CIU) शामिल रहे।

You cannot copy content of this page