कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार-बिजनौर पुलिस का संयुक्त मंथन, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए बनाई साझा रणनीति

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के बिजनौर पुलिस अधिकारियों के बीच अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बॉर्डर चेकिंग, भीड़ नियंत्रण और कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में थाना श्यामपुर क्षेत्र स्थित पिनाका होटल में आयोजित बैठक में दोनों जनपदों के वरिष्ठ अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उनके प्रभावी समाधान पर सहमति बनाई। बैठक में हैवी वाहनों की आवाजाही के लिए समय निर्धारण, ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, अंतर्राज्यीय सीमाओं पर सघन चेकिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों को पेयजल, चिकित्सा, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही डीजे संचालन से संबंधित शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और भीड़ प्रबंधन के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने की रणनीति तैयार की गई। किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए वायरलेस संचार के माध्यम से दोनों राज्यों की पुलिस के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान पर भी सहमति बनी।
बैठक के बाद हरिद्वार और बिजनौर पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग तथा प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट्स का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात हरिद्वार निशा यादव, पुलिस अधीक्षक नगर हरिद्वार अभय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बिजनौर गौतम राय, क्षेत्राधिकारी नगर हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी, क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद आकांक्षा गौतम, क्षेत्राधिकारी यातायात हरिद्वार भूपेन्द्र सिंह, थानाध्यक्ष श्यामपुर सहित हरिद्वार एवं बिजनौर पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक के समापन पर हरिद्वार पुलिस ने बिजनौर से आए अधिकारियों को गंगाजल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। यह दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, आपसी सहयोग और सौहार्द का प्रतीक रहा।
“सुरक्षित कांवड़ • सुव्यवस्थित कांवड़ • समन्वित कांवड़” के संकल्प के साथ दोनों जनपदों की पुलिस ने इस वर्ष कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने का भरोसा जताया।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






कार्य में लापरवाही पर नगर निगम कर्मचारी को नोटिस, सभी वाहन चालकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण 