कालागढ़ में दर्दनाक हादसा: बाथरूम में करंट लगने से सिंचाई विभाग के जेई अनिल कुमार की मौत

ख़बर शेयर करें -

–ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो कर्मचारियों को हुआ शक, घर में बाथरूम के अंदर बेहोश मिले जेई; गीजर से करंट लीक होने की आशंका

खबर डोज, कोटद्वार। उत्तराखंड के कालागढ़ में एक दर्दनाक हादसे में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता (जेई) अनिल कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। रविवार को वह अपने आवास के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिले। प्रारंभिक जांच में बाथरूम में लगे गीजर से करंट लीक होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारियों और पुलिस में हड़कंप मच गया। वहीं, जेई की मौत की खबर से उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो कर्मचारियों को हुआ शक

जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार सिंचाई विभाग के शिविर प्रबंध खंड में अवर अभियंता के पद पर तैनात थे। वह कालागढ़ की नई कॉलोनी में रहते थे। रविवार को उनकी ड्यूटी थी, लेकिन वह निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे। इस पर विभागीय कर्मचारियों ने उन्हें कई बार फोन किया, मगर कोई जवाब नहीं मिला।

लगातार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं होने पर कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को अनिल कुमार के घर भेजा। पड़ोसी ने घर का दरवाजा खोलकर देखा तो अनिल कुमार बाथरूम में बेहोशी की हालत में पड़े थे। इसके बाद विभागीय कर्मचारियों और पुलिस को सूचना दी गई।

गीजर से करंट लीक होने की आशंका

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनिल कुमार के दाएं हाथ पर करंट लगने का निशान मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि नहाते समय बाथरूम में लगे गीजर से करंट लीक होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

थानाध्यक्ष संजीव कुमार ममगई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गीजर से करंट लीक होने की आशंका सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिवार में मचा कोहराम

मृतक अनिल कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम रूखड़ियों के निवासी थे। उनका परिवार काशीपुर में रहता है। उनकी पत्नी और बेटी जसपुर, ऊधमसिंह नगर में रहती हैं, जहां उनकी बेटी पढ़ाई कर रही है। वहीं, उनका बेटा लक्ष्य दिल्ली में पढ़ाई कर रहा है।

अनिल कुमार की अचानक मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। विभागीय कर्मचारियों और परिचितों में भी शोक का माहौल है। एक सामान्य दिन की शुरुआत के बीच हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

You cannot copy content of this page