नवरात्रि पर शिक्षक संतोष सिंह नेगी की अनूठी पहल, दो मेधावी बालिकाओं को भेंट की साइकिल

ख़बर शेयर करें -

–2016 से चला रहे हैं साइकिल वितरण अभियान, अब तक तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य की साइकिलें जरूरतमंद बच्चों को कर चुके हैं प्रदान

खबर डोज, कोटद्वार। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन राजकीय इंटर कॉलेज, कोटद्वार के शिक्षक संतोष सिंह नेगी ने सराहनीय पहल करते हुए अपने विद्यालय में अध्ययनरत दो मेधावी बालिकाओं को नई साइकिलें भेंट कीं। उन्होंने कक्षा छह की छात्रा वैष्णवी और कक्षा नौ की छात्रा वैशाली को साइकिल प्रदान कर उनकी शिक्षा की राह आसान बनाने का प्रयास किया।

शिक्षक संतोष सिंह नेगी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व देवी के विभिन्न स्वरूपों की आराधना और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी शिक्षा में सहयोग देना समाज की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ उन्होंने दोनों छात्राओं को साइकिल प्रदान की।

उन्होंने बताया कि साइकिल मिलने से बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनके परिवारों के परिवहन खर्च में भी कमी आएगी। यदि प्रतिदिन औसतन 20 रुपये की बचत हो, तो महीने में करीब 500 रुपये और सालभर में लगभग 6,000 रुपये की बचत हो सकती है। इस धनराशि का उपयोग परिवार बालिकाओं की पढ़ाई और अन्य शैक्षिक जरूरतों को पूरा करने में कर सकते हैं।

जनसहयोग से जारी है साइकिल वितरण अभियान

संतोष सिंह नेगी ने बताया कि इस बार साइकिल प्रदान करने में उनकी एमएड की सहपाठी जसवीर बजाज ने सहयोग किया, जो वर्तमान में दुबई में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और अपने प्रयासों से वह वर्ष 2016 से जरूरतमंद एवं मेधावी बच्चों को साइकिल उपलब्ध कराने का अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के तहत अब तक तीन लाख रुपये से अधिक मूल्य की साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में अपनी शादी के अवसर पर भी उन्होंने 10 बालिकाओं को करीब 50 हजार रुपये मूल्य की साइकिलें प्रदान की थीं। उनका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

जरूरतमंद बालिकाओं की मदद के लिए की अपील

संतोष सिंह नेगी ने क्षेत्रवासियों और समाजसेवियों से अपील की कि क्षेत्र में कई ऐसी बालिकाएं हैं, जिन्हें विद्यालय आने-जाने के लिए साइकिल की जरूरत है। यदि कोई व्यक्ति नवरात्रि के शुभ अवसर पर इस पुनीत कार्य में सहयोग करना चाहता है, तो वह उनसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंद बच्चों की राह आसान बनाई जा सकती है और शिक्षा के माध्यम से उनके बेहतर भविष्य की नींव रखी जा सकती है।

You cannot copy content of this page