हरिद्वार में पारिवारिक जमीनी विवाद में बार-बार मारपीट करने वाले तीन सगे भाई गिरफ्तार

खबर डोज, हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने पारिवारिक जमीनी विवाद को लेकर लगातार लड़ाई-झगड़ा कर गांव का माहौल खराब करने के आरोप में तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ अपने भाई और उसके परिजनों के साथ मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो मुकदमे दर्ज हैं। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने न्यायालय से तीनों आरोपियों के गैर-जमानती वारंट (NBW) हासिल किए थे।
पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई 2026 को श्यामपुर निवासी एक महिला की तहरीर पर नूर मोहम्मद, रफी और आरिफ के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी देने, महिला के साथ गलत नीयत से हाथ फेरने और मुंह पर मुक्का मारकर घायल करने के आरोप में मुकदमा अपराध संख्या 86/2026 दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 3(5), 115(2), 352, 351(2) और 74 के तहत कार्रवाई की गई थी।
पुलिस के अनुसार इसके बावजूद आरोपियों ने 11 अगस्त को अपने भाई शाहनवाज के साथ कथित तौर पर दोबारा लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए। शाहनवाज की लिखित तहरीर पर 14 अगस्त 2026 को कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा अपराध संख्या 95/2026 दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की धारा 115(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
दोनों मुकदमों की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर विवेचक ने न्यायालय से तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करवाए। NBW जारी होने के बाद श्यामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूर मोहम्मद पुत्र नूर आलम, उम्र 32 वर्ष, रफी पुत्र नूर आलम, उम्र 28 वर्ष और आरिफ पुत्र नूर आलम, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों ग्राम नलोवाला, कोतवाली श्यामपुर, जनपद हरिद्वार के निवासी हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक रचना पठानिया, उपनिरीक्षक देवेंद्र यादव और होमगार्ड विनोद रावत शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पारिवारिक विवाद के नाम पर बार-बार कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







