सोशल मीडिया पर वायरल स्टंटबाजी का वीडियो पड़ा भारी, हरिद्वार पुलिस ने पांच कारें की सीज, देखिये वायरल वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वायरल हुए स्टंटबाजी के एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया। पुलिस ने युवकों को भविष्य में ऐसी हरकतों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान हरिद्वार पुलिस की मीडिया सेल को एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें कुछ युवक कारों पर सवार होकर हूटर बजाते हुए और वाहन की खिड़कियों से बाहर निकलकर हुड़दंग मचाते नजर आ रहे थे। वीडियो में युवक यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए अपनी और अन्य लोगों की जान जोखिम में डाल रहे थे।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस मीडिया सेल ने मामले की जांच के लिए कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को आवश्यक निर्देश जारी किए। जांच के दौरान पता चला कि यह वीडियो 18 जून 2026 का है और ज्वालापुर क्षेत्र के सराय रोड का है। युवक एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी उनकी इस खतरनाक हरकत को किसी स्थानीय व्यक्ति ने अपने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था।
ज्वालापुर पुलिस ने वीडियो के आधार पर संबंधित वाहनों और युवकों की पहचान की तथा उन्हें वाहनों सहित कोतवाली बुलाया। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांचों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सीज कर दिया। साथ ही वाहन चालकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने युवकों एवं उनके अभिभावकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की स्टंटबाजी, हुड़दंग या यातायात नियमों के उल्लंघन की पुनरावृत्ति होती है तो उनके खिलाफ और अधिक सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि सड़क पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी या नियमों का उल्लंघन न करें तथा यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







