कप्तान साहब थानों की तरह सीपीयू में तैनात दरोगा और सिपाहियों की कब होगी बदली? तबादला नीति पर उठने लगे सवाल

-कई वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात हैं सीपीयू के कई पुलिसकर्मी
खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में पुलिस महकमे के थानों और चौकियों में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात इंस्पेक्टर, दरोगा और सिपाहियों की समय-समय पर बदली की जाती है। हाल ही में लंबे समय से एक ही कोतवाली और थाना क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों की सूची जारी कर स्थानांतरण की प्रक्रिया भी शुरू की गई। हालांकि, यातायात व्यवस्था संभालने वाली सिटी पेट्रोल यूनिट (सीपीयू) में लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि हरिद्वार जिले में सीपीयू में तैनात कई दरोगा और सिपाही लंबे समय से एक ही क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस विभाग की स्थानांतरण नीति के तहत सीपीयू में तैनात कर्मचारियों की भी समीक्षा किए जाने की मांग उठ रही है।
हालांकि सीपीयू गठन के दौरान मुख्य उद्देश्य स्ट्रीट क्राइम रोकना था, लेकिन हरिद्वार जैसे धार्मिक और पर्यटन शहर में सीपीयू की मुख्य भूमिका सिर्फ अब चालान काटने में महत्वपूर्ण मानी जाती है।
लेकिन लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती को लेकर विभाग के भीतर और बाहर चर्चाएं तेज हैं। सवाल यह है कि जब थानों और चौकियों में लंबे समय से तैनात पुलिसकर्मियों की सूची तैयार कर तबादले किए जा सकते हैं तो सीपीयू में तैनात कर्मचारियों के मामले में यही प्रक्रिया कब अपनाई जाएगी?
अब पुलिस कप्तान से उम्मीद जताई जा रही है कि सीपीयू में लंबे समय से तैनात दरोगा और सिपाहियों का भी रिकॉर्ड देखा जाए और आवश्यकता के अनुसार स्थानांतरण की कार्रवाई की जाए, ताकि पुलिसिंग में पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी तरह की शिकायत की गुंजाइश न रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









