कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग पर बड़ा हादसा टला, खाई में पेड़ पर अटकी कार से भाई-बहन को पुलिस ने सकुशल निकाला, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई की ओर जा गिरी, लेकिन बीच रास्ते में एक पेड़ पर अटक गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे भाई-बहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। मुख्य सड़क (राष्ट्रीय राजमार्ग) से करीब चार किलोमीटर पुलिंडा की ओर खाई में एक स्विफ्ट कार पेड़ पर अटकी हुई मिली।

कार में निखिल कुमार उर्फ लक्की (20 वर्ष), पुत्र मदनपाल और उसकी बहन गरिमा सैनी (17 वर्ष), पुत्री गोपाल सैनी, निवासी धामपुर, जनपद बिजनौर, फंसे हुए थे।

पुलिस ने तत्काल थाना मोबाइल में उपलब्ध रस्सियों की मदद से पहले कार को अन्य पेड़ों और वाहनों से सुरक्षित बांधा, ताकि वह और नीचे न खिसके। इसके बाद पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत कर दोनों भाई-बहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हादसे में दोनों को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार अभी भी खाई में फंसी हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

You cannot copy content of this page