कोटद्वार में फर्जी नशेड़ी बाबाओं का आतंक, लोगों से कर रहा था बदसलूकी का प्रयास, पुलिस ने लिया हिरासत में, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। शहर के स्टेशन रोड क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कथित फर्जी नशेड़ी बाबा का लोगों के साथ बदसलूकी करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में भारी आक्रोश फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेशन रोड पर घूम रहा कथित बाबा नशे की हालत में था। आरोप है कि उसने वहां से गुजर रही एक युवती के साथ भी अभद्र व्यवहार और बदसलूकी का प्रयास किया। आसपास मौजूद व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बाजार चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को लोगों के कब्जे से लेकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस उसे चौकी ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों ने ऐसे संदिग्ध लोगों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने और बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।

पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी की ओर से शिकायत प्राप्त होती है और जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

You cannot copy content of this page