चलती कार में लगी भीषण आग, हरिद्वार पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा, एनएच पर धू-धू कर जली कार, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। नजीबाबाद–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। चालक की सूझबूझ और हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार पूरी तरह आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे रसियाबड़ के समीप टाटा जेस्ट कार (UK07 TB 4479) लक्सर से टाटवाला (श्यामपुर) की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल गया। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल हाईवे पर यातायात को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा घेरा बना दिया। पुलिस की तत्परता के चलते अन्य वाहनों और राहगीरों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण वाहन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हरिद्वार पुलिस ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित कार्रवाई और प्रभावी यातायात प्रबंधन के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
हरिद्वार पुलिस की वाहन चालकों से अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले वाहन की सर्विसिंग और तकनीकी जांच अवश्य कराएं। वाहन की वायरिंग, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और फ्यूल पाइपलाइन की नियमित जांच कराते रहें। साथ ही वाहन में अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) रखने का प्रयास करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 या फायर ब्रिगेड को सूचना दें।

You cannot copy content of this page