दो करोड़ की हैरोइन के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, गंगनहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

खबर डोज, रुड़की। हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 980 ग्राम अवैध हैरोइन के साथ पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हैरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी किस नेटवर्क के माध्यम से हरिद्वार में नशे की सप्लाई करने आया था और इसके खरीदार कौन थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने 6 जुलाई को चेकिंग के दौरान लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार में बैठे व्यक्ति को देखा। पुलिस टीम को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी की कार के डैशबोर्ड में पन्नी में रखी 980 ग्राम अवैध हैरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई।
आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह पंजाब से किसी नशा तस्कर से यह हैरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के लिए लाया था। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क, सप्लायर और स्थानीय खरीदारों की तलाश में जुट गई है।
इस संबंध में कोतवाली गंगनहर में मु.अ.सं. 249/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार (प्रभारी चौकी पुरानी तहसील), हेड कांस्टेबल युनुस बेग, हेड कांस्टेबल अशोक तिवारी, कांस्टेबल देवेश सिंह तथा कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा और नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







कार्य में लापरवाही पर नगर निगम कर्मचारी को नोटिस, सभी वाहन चालकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण