कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम की फिर बड़ी कार्रवाई: नशा तस्करों की संपत्ति सीज के बाद लाखों की चरस समेत दो तस्कर गिरफ्तार, देखिए वीडियो

खबर डोज, कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद की है। पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 1 किलो 52 ग्राम अवैध चरस बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशानुसार जनपद में नशे के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर और क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी और सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस टीम की ओर से मालन नदी पुल के पश्चिमी छोर के दाहिने कोने पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान अभियुक्त शहनवाज उर्फ शानू पुत्र महबूब निवासी स्टेडियम कॉलोनी, लकड़ी पड़ाव कोतवाली कोटद्वार के कब्जे से 883 ग्राम (पन्नी सहित) एवं 876 ग्राम (पन्नी रहित) चरस बरामद हुई। वहीं दूसरे अभियुक्त मोहम्मद फईम पुत्र स्व. मोहम्मद राशिद निवासी मुगलशाह, नजीबाबाद हाल निवासी लकड़ी पड़ाव कोतद्वार के कब्जे से 182 ग्राम (पन्नी सहित) एवं 176 ग्राम (पन्नी रहित) चरस बरामद की गई।
दोनों अभियुक्तों को रात करीब 11:15 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और वे स्वयं भी चरस पीने के आदी हैं। दोनों फल और मछली बेचने का काम करते हैं तथा अधिक मुनाफा कमाने के लिए चरस बेचने जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के तार किसी बड़े नशा तस्कर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
पौड़ी पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम में निरीक्षक सुरेंद्र सिंह राणा प्रभारी एएनटीएफ, सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर, उपनिरीक्षक राजाराम डोभाल चौकी प्रभारी कलालघाटी, कांस्टेबल रविंद्र भट्ट, एएसआई एहसान अली, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार और कांस्टेबल गंभीर सिंह, कांस्टेबल हरीश शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







