गांजा खेप मामले में लैंसडौन पुलिस और सीआईयू कोटद्वार का डबल प्रहार, नशा तस्करों की लाखों की संपत्ति जब्त

ख़बर शेयर करें -

न्याय निर्णायक प्राधिकरण ने आरोपियों की संपत्तियों को फ्रीज और जब्त करने के जारी किए आदेश

खबर डोज, पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अब सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित कार्रवाई नहीं रखी है, बल्कि अवैध कमाई की जड़ों पर भी सीधा प्रहार शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ड्रग फ्री देवभूमि अभियान” के तहत पौड़ी पुलिस ने 89.81 किलो गांजा बरामदगी प्रकरण में शामिल नशा तस्करों की लगभग 25 लाख रुपये की अवैध संपत्ति सीज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई NDPS एक्ट की धारा 68(F) के तहत की गई है। मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब उनकी नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर भी कानूनी शिकंजा कस दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 12 मार्च 2026 को कोतवाली लैंसडाउन क्षेत्र में पुलिस और CIU टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। वाहन संख्या UK 07 AP 3513, जिसे यशवंत सिंह चला रहा था, से 59.39 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं दूसरे वाहन UP 16 PC 0036, जिसे लव कुमार चला रहा था, से 30.42 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों वाहनों से कुल 89.81 किलो गांजा पकड़ा गया था।

इस मामले में पुलिस ने लव कुमार, यशवंत सिंह नेगी, महिपाल सिंह, बिट्टू सैनी, राजेन्द्र सिंह, जगत सिंह और स्वरूप नौटियाल समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों और संपत्तियों की वित्तीय जांच की। विवेचना में सामने आया कि आरोपियों ने नशा तस्करी से भारी मात्रा में अवैध संपत्ति अर्जित की थी। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार रिपोर्ट भारत सरकार के सक्षम प्राधिकरण एवं प्रशासक SAFEMA, नई दिल्ली को भेजी। जांच सही पाए जाने पर न्याय निर्णायक प्राधिकरण द्वारा आरोपियों की संपत्तियों को फ्रीज और जब्त करने के आदेश जारी किए गए।

पुलिस द्वारा जब्त की गई संपत्तियों में पांच चौपहिया वाहन और बैंक खातों में जमा करीब 2.07 लाख रुपये की धनराशि शामिल है। जब्त वाहनों में कार संख्या UP 16 BC 0036 और UP 16 V2116, जो बिट्टू सैनी के नाम पर हैं, UK 19 B 5199 जो स्वरूप नौटियाल के नाम पर है, UK 07 TB 2607 जो राजेन्द्र नेगी के नाम पर है तथा UK 01 A 5977 जो जगत सिंह के नाम पर दर्ज है, शामिल हैं। इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस का कहना है कि विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन संपत्तियों की नीलामी भी की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने साफ कहा है कि जनपद में नशा तस्करी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस न केवल तस्करों को जेल भेजेगी, बल्कि उनकी अवैध कमाई को भी जब्त कर आर्थिक रूप से कमजोर करेगी।

पौड़ी पुलिस की इस कार्रवाई को नशा माफियाओं के खिलाफ बड़ी “सर्जिकल स्ट्राइक” माना जा रहा है। लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

You cannot copy content of this page