ऋषिकेश में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते JE फैसल खान गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, ऋषिकेश। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। ताजा मामले में देहरादून विजिलेंस की टीम ने ऋषिकेश स्थित पशुलोक बैराज में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) फैसल खान को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता सरकारी विभाग में टेंडर कार्य करता है और उसने पशुलोक बैराज, ऋषिकेश में एक टेंडर डाला था। आरोप है कि कार्य के भुगतान के बदले वहां तैनात JE फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन, निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की प्राथमिक जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।

गुरुवार को विजिलेंस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी JE फैसल खान को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की नगद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विजिलेंस निदेशक ने इस कार्रवाई के बाद आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत सतर्कता अधिष्ठान को दें।

उन्होंने कहा कि जागरूक और सजग नागरिकों के सहयोग से ही भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी JE के अन्य ठिकानों और गतिविधियों की भी जांच की जा सकती है।

You cannot copy content of this page