एसएसपी श्वेता चौबे खुद मैदान में उतरीं, जवानों संग दौड़कर बढ़ाया पुलिस बल का जोश

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को पुलिस लाइन चंबा में आयोजित साप्ताहिक परेड में खुद मैदान में उतरकर जवानों और रिक्रूट आरक्षियों का उत्साह बढ़ाया। एसएसपी ने जवानों के साथ दौड़ लगाकर फिटनेस, अनुशासन और नेतृत्व का प्रेरणादायक संदेश दिया। उनका ऊर्जावान अंदाज़ पुलिस बल के बीच चर्चा का केंद्र बना रहा।

शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड पूर्ण अनुशासन और ऊर्जा के साथ संपन्न हुई। परेड में पुलिस अधिकारियों, जवानों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान ड्रिल अभ्यास, शस्त्र संचालन, सामरिक प्रशिक्षण और शारीरिक दक्षता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। शस्त्र अभ्यास के दौरान पुलिस बल की फुर्ती, तत्परता और अनुशासन विशेष रूप से देखने को मिला।
एसएसपी श्वेता चौबे ने परेड के दौरान सभी पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से सजग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति में अनुशासन और तत्परता के साथ कार्य करना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
परेड समाप्त होने के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन चंबा परिसर का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यायामशाला, परिवहन शाखा, भोजनालय और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता बेहतर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करने और व्यायामशाला में जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों की ट्रेनिंग की समीक्षा करते हुए आउटडोर और इंडोर क्लासेस को अधिक व्यवहारिक और प्रभावी बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
टिहरी पुलिस का कहना है कि इस तरह के नियमित प्रशिक्षण और अनुशासनात्मक कार्यक्रमों से पुलिस बल की कार्यकुशलता, फिटनेस और आपदा व आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता लगातार मजबूत हो रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







