कोटद्वार में चेन स्नैचिंग का खुलासा: बातों में उलझाकर उड़ाई थी सोने की चेन, बाबरिया गैंग के दो सदस्य पानीपत से गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार में महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने की वारदात का पौड़ी पुलिस ने खुलासा करते हुए बाबरिया गैंग के दो शातिर चेन स्नैचरों को हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी के खिलाफ लूट और चेन स्नैचिंग के कई मुकदमे सामने आए हैं, जबकि एक महिला आरोपी अभी भी फरार है।

जानकारी के अनुसार कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 मई 2026 को वह विक्रम वाहन से घमण्डपुर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान उनके पास बैठे कुछ अज्ञात लोगों और महिलाओं ने बातचीत और धक्का-मुक्की का बहाना बनाकर उनके गले में पहनी सोने की चेन चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए। मामले में कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर और प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने घटना के खुलासे के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। एक टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जबकि दूसरी टीम सर्विलांस और तकनीकी जांच में जुटी रही। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद एक संदिग्ध वाहन चिन्हित हुआ।

सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 19 मई 2026 को पानीपत, हरियाणा से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेन्द्र उर्फ नरेश निवासी सेक्टर-29 पानीपत और मुस्कान निवासी जिला जींद, हरियाणा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी राजेन्द्र एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हरियाणा में लूट और चेन स्नैचिंग के 12 मुकदमे दर्ज हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाबरिया जाति से संबंध रखते हैं और महिलाओं के सोने के आभूषण चोरी करने के इरादे से कोटद्वार आए थे। सिद्धबली मंदिर की ओर जाते समय लालबत्ती चौक के पास उनकी नजर महिला के गले में पहनी सोने की चेन पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने वारदात की योजना बनाई।

योजना के तहत आरोपी राजेन्द्र कार से उतर गया, जबकि मुस्कान और बबीता विक्रम वाहन में महिला के पास जाकर बैठ गईं। दोनों महिलाओं ने बातचीत में उलझाकर मौका मिलते ही चेन चोरी कर ली। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए और चोरी की चेन को पानीपत में करीब 80 हजार रुपये में बेच दिया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में फरार आरोपी बबीता समेत अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजेन्द्र उर्फ नरेश निवासी विकास पुरी सेक्टर-29 पानीपत हरियाणा और मुस्कान निवासी जिला जींद हरियाणा शामिल हैं। फरार आरोपी बबीता पत्नी राजेन्द्र उर्फ नरेश निवासी पानीपत हरियाणा की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 हजार रुपये, 10,500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त कार HR 06 BL-3225 (टोयोटा रोमिनियो) बरामद की है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सैय्यदुल बहार, उपनिरीक्षक विनोद चपराना, अपर उपनिरीक्षक अहसान अली (सीआईयू), हेड कांस्टेबल करण यादव, कांस्टेबल चन्द्रपाल, कांस्टेबल सतीश शर्मा, महिला कांस्टेबल करिश्मा और पीआरडी जवान अरुण कुमार शामिल रहे।

You cannot copy content of this page