सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर डीएम सख्त, जनसुनवाई में 70 शिकायतें दर्ज, 31 अगस्त तक लंबित शिकायतें न निपटाने पर वेतन रोकने के निर्देश, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद वासियों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 70 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 34 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई में मीरपुर मुआजपुर निवासी सुभाष चंद ने बताया कि उनके मकान के पास नई टाइल्स रोड बनाई गई है, लेकिन सड़क के दोनों ओर बरसाती पानी की निकासी के लिए नाली नहीं होने के कारण बारिश का पानी उनके घर में घुस जाता है। उन्होंने सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण की मांग की।
धीरमजरा निवासी राम कुमार पुत्र किरत सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने की मांग की। वहीं, बहादराबाद इंडस्ट्रियल एरिया निवासी सुचित्रा ने अपने पति वेद प्रकाश के किडनी उपचार से जुड़ी समस्या रखते हुए बताया कि उनका उपचार हिमालयन अस्पताल में चल रहा है और आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण इलाज में परेशानी आ रही है। उन्होंने गोल्डन कार्ड के माध्यम से उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
जमालपुरकला निवासी रमेश कुमार पुत्र प्रेम सिंह ने अपनी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जे के प्रयास की शिकायत की। उन्होंने राजस्व विभाग से भूमि की निष्पक्ष जांच एवं पैमाइश कराकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। किशनपुर निवासी अर्जुन ने मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
ग्राम दिनारपुर निवासी गुरमेल सिंह ने खसरा संख्या 637 की भूमि तक जाने के लिए रास्ता नहीं होने की समस्या रखी। उन्होंने भूमि की पैमाइश कर सार्वजनिक रास्ता खुलवाने की मांग की। वहीं, लक्सर के नेतवाल सेदाबाद में खसरा नंबर 48 की भूमि को लेकर रामकुमार ने एक व्यक्ति द्वारा कब्जे के प्रयास की शिकायत करते हुए भूमि की पैमाइश कराने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर डीएम सख्त
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसी सभी शिकायतों का हर हाल में 31 अगस्त तक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में शिकायतों का निस्तारण नहीं करने वाले संबंधित अधिकारियों के अगस्त माह के वेतन का आहरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ता से सिस्टम के माध्यम से फोन पर वार्ता कर समस्या की जानकारी लेने और वास्तविक स्थिति के आधार पर शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा में सामने आया कि सीएम हेल्पलाइन के एल-1 स्तर पर 382 तथा एल-2 स्तर पर 98 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। जिलाधिकारी ने इन सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी शिकायतों का समाधान समय पर हो, यह सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, परियोजना निदेशक नलिनीति घिल्डियाल, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, सीओ सदर एसपी बलूनी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, अधिशासी अभियंता जल निगम आरके गुप्ता, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







