एंबुलेंस में मरीज की जगह 90 किलो गांजा, श्रीनगर पुलिस ने चालक को दबोचा

ख़बर शेयर करें -

45 लाख रुपये कीमत की गांजे की बड़ी खेप बरामद, तस्करी में इस्तेमाल एंबुलेंस सीज; सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

खबर डोज, श्रीनगर। पौड़ी जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इको एंबुलेंस से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एंबुलेंस को सीज करते हुए उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा रुद्रप्रयाग क्षेत्र से कम कीमत में खरीदकर श्रीनगर में ऊंचे दाम पर बेचने की योजना का खुलासा किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में 23 अगस्त 2026 की तड़के पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

चेकिंग के दौरान आवास विकास ग्राउंड, श्रीनगर के पास पुलिस ने वाहन संख्या UK14-PA-0539 इको एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह बिष्ट उम्र 45 वर्ष पुत्र स्व. कृपाल सिंह, निवासी चौरास, थाना कीर्तिनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी श्रीनगर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट में उक्त एंबुलेंस का संचालन करता है और अपने एक अन्य सहयोगी के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजे के कट्टे लेकर श्रीनगर आ रहा था। आरोपी के अनुसार उसने गांजा रुद्रप्रयाग से कम कीमत पर खरीदा था और उसे श्रीनगर में अधिक दाम पर बेचने की योजना थी। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है और इस काम से आर्थिक लाभ कमाता था।

पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि गांजे की सप्लाई करने वाले और आगे इसे खपाने वाले अन्य लोगों तक भी पहुंचा जाए।

मामले में कोतवाली श्रीनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त एंबुलेंस को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2015 में आबकारी अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज रहा है।

पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवाड़ी, उपनिरीक्षक विजय शैलानी, हेड कांस्टेबल दिनेश चौधरी, हेड कांस्टेबल हरदयाल सिंह, कांस्टेबल महावीर सिंह और कांस्टेबल प्रवीण पुरी शामिल रहे।

You cannot copy content of this page