चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर डीएम का देर रात निरीक्षण, 15 जून तक सीवरेज कार्य पूरा करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार देर रात अपर रोड और ब्रह्मपुरी क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीवरेज निर्माण कार्यों और सड़क मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर रोड पर संचालित सीवरेज निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य हर हाल में 15 जून 2026 तक पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि वर्तमान समय में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और जुलाई के अंत में कांवड़ मेला भी शुरू होने वाला है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जरूरी है कि सभी निर्माण कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे पड़े मलबे, निर्माण सामग्री और अन्य अवरोधों को तत्काल हटाया जाए ताकि यातायात बाधित न हो और आमजन के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ब्रह्मपुरी क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़क के मरम्मत कार्य चल रहे हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ शीघ्र सड़क मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और जमा मलबे को भी तत्काल हटाने के आदेश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले और चारधाम यात्रा जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था, सड़कें और मूलभूत सुविधाएं बेहतर स्थिति में होना आवश्यक है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तय समय सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करना होगा।

निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, सहायक परियोजना अभियंता संदीप कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार, कॉन्ट्रैक्टर रजत शर्मा, अपर अभियंता सुनील कुमार, मनमोहन सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page