रुड़की में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, ठेके कारोबारी हत्याकांड का खुलासा

खबर डोज, रुड़की। ठेके कारोबारी अमन की हत्या के मामले में रुड़की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और बदमाशों के बीच नगला इमरती के पास मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढडेरा घायल हो गया। उसे उपचार के लिए रुड़की अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस अधीक्षक अपराध एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा उससे पूछताछ की गई।

जानकारी के मुताबिक, ठेके कारोबारी अमन की हत्या के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश और कार्रवाई की जा रही थी। रविवार रात्रि 23 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार तीन संदिग्ध नगला इमरती की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाइक सवार तीनों संदिग्धों का पीछा किया और नगला इमरती के पास उन्हें घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सौरभ गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रुड़की अस्पताल पहुंचाया गया। पूछताछ के दौरान सौरभ ने पुलिस को बताया कि 22 अगस्त को हुई अमन की हत्या में वह अपने दो अन्य साथियों के साथ शामिल था। इसके बाद पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की तलाश में इलाके में कांबिंग शुरू कर दी।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी पुत्र कुलबीर सैनी निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष तथा दीप यादव पुत्र जोगिंदर यादव निवासी मातावाला हसन बाग, कस्बा लंढौरा, कोतवाली मंगलौर, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर ठेके कारोबारी अमन की हत्या के पीछे की वजह, हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ तेज कर दी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







