स्टेशन रोड की दुकानें हटाने के विरोध में 25 अगस्त को बंद रहेगा कोटद्वार बाजार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित दुकानों और खोखों को हटाने के विरोध में व्यापारियों का आंदोलन अब व्यापक रूप लेने लगा है। नगर उद्योग व्यापार मंडल ने दुकानों को हटाने के विरोध में 25 अगस्त, मंगलवार को कोटद्वार बाजार बंद रखने का ऐलान किया है। व्यापार मंडल की ओर से बंद को लेकर शहर के व्यापारियों को सूचना भी दे दी गई है।

नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीन भाटिया ने बताया कि स्टेशन रोड की दुकानों को हटाए जाने से लंबे समय से कारोबार कर रहे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। व्यापारियों का कहना है कि दुकानों को हटाने से पहले उनके पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्णय लिया जाना चाहिए।

इसी मांग को लेकर व्यापार मंडल लगातार प्रशासन और संबंधित विभाग के समक्ष अपनी बात रख रहा है। इससे पहले भी स्टेशन रोड के व्यापारियों ने दुकानें हटाने के नोटिस के विरोध में प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया था।

व्यापार मंडल ने सभी व्यापारियों से 25 अगस्त के बाजार बंद को सफल बनाने की अपील की है। बाजार बंद के ऐलान के बाद प्रशासन और व्यापारियों के बीच बातचीत की उम्मीद भी बढ़ गई है। अब देखना होगा कि बंद से पहले प्रशासन की ओर से व्यापारियों की मांगों को लेकर क्या कदम उठाया जाता है।

You cannot copy content of this page