हरिद्वार में “रोको-टोको अभियान” की शुरुआत, घर-घर पहुंचकर नगर निगम ने जगाई स्वच्छता की अलख

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम हरिद्वार ने एक अनोखी पहल करते हुए “रोको-टोको अभियान” शुरू किया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत निगम की टीमें अब सीधे घर-घर पहुंचकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं।

अभियान के तहत उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी और सैनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा ने आर्यनगर वार्ड में अभियान की कमान संभाली। स्थानीय पार्षद सपना शर्मा के साथ टीम ने क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अहमियत समझाई। नागरिकों को दो डस्टबिन—हरा और नीला—उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अभियान की खास बात यह रही कि नियमों का पालन न करने वाले लोगों को डांटने की बजाय उन्हें गुलाब का फूल देकर समझाया गया। नगर निगम का यह सकारात्मक और संवादात्मक तरीका लोगों को खूब पसंद आ रहा है। वहीं, जो नागरिक नियमित रूप से स्वच्छता नियमों का पालन कर रहे हैं, उन्हें भी टीम ने सराहते हुए सम्मानित किया।

उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कई बार जुर्माने के बावजूद लोग नियमों की अनदेखी करते हैं, इसलिए इस बार संवाद और जागरूकता के जरिए बदलाव लाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि गीला कचरा हरे डस्टबिन और सूखा कचरा नीले डस्टबिन में ही डालें। साथ ही डायपर जैसे जैविक कचरे को अलग थैले में रखकर ही कचरा संग्रहण करने वाले पर्यावरण मित्र को दें, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

नगर निगम द्वारा शहर के कई कूड़ा स्थलों को आकर्षक सेल्फी प्वाइंट में बदला गया है, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि केवल व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि जनता के सहयोग से ही स्वच्छता का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

“स्वच्छता सर्वेक्षण 2026” को ध्यान में रखते हुए निगम ने नागरिकों से बढ़-चढ़कर फीडबैक देने की भी अपील की है। यह अभियान शहर के सभी 60 वार्डों में लगातार चलाया जा रहा है और इसे लेकर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।

You cannot copy content of this page